मुंगेली न्यूज़ -जिले में 1380 गणना ब्लॉकों का हुआ शत-प्र : जनगणना 2027 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूर्ण, फरवरी 2027 में होगी जनसंख्या गणना
Chief Editor-Digvendra Kumar Gupta / Sun, May 31, 2026 / Post views : 44
जिला जनसंपर्क कार्यालय मुंगेली (छ.ग.)
समाचार
जनगणना 2027 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूर्ण, फरवरी 2027 में होगी जनसंख्या गणना
जिले में 1380 गणना ब्लॉकों का हुआ शत-प्रतिशत कवरेज
नागरिकों के सहयोग पर कलेक्टर ने जताया आभार
मुंगेली, 31 मई 2026// देश के सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियानों में शामिल जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना) का कार्य मुंगेली जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। 1 मई से 30 मई 2026 तक चले इस अभियान के दौरान जिले के सभी ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों का शत-प्रतिशत सर्वेक्षण किया गया, जिससे आगामी जनसंख्या गणना के लिए मजबूत आधार तैयार हो गया है।
जनगणना के प्रथम चरण में प्रगणकों ने घर-घर जाकर प्रत्येक मकान और उसमें निवासरत परिवारों से भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 33 बिंदुओं से संबंधित जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से संकलित की। इसमें मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध सुविधाएं तथा परिसंपत्तियों से जुड़ी जानकारी शामिल रही। संकलित आंकड़ों को सुरक्षित रूप से भारत सरकार के सर्वर में संरक्षित कर दिया गया है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले के सभी तहसीलों, ग्रामों और नगरीय निकायों में यह कार्य पूरी कुशलता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अभियान के दौरान जिले का कोई भी क्षेत्र गणना कार्य से वंचित नहीं रहा। उन्होंने जनगणना कार्य में सहयोग देने वाले नागरिकों, प्रगणकों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियमावली 1990 के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। इन आंकड़ों का उपयोग केवल नीति निर्माण, विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा।
जिले में यह कार्य 06 नगरीय चार्ज एवं 06 ग्रामीण चार्ज के अंतर्गत संपादित किया गया। इसके लिए 01 हजार 380 मकानसूचीकरण गणना ब्लॉक बनाए गए थे। अभियान में 03 अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, 12 चार्ज अधिकारी, 02 मास्टर ट्रेनर्स, 29 फील्ड ट्रेनर्स, 01 हजार 274 प्रगणक एवं 216 पर्यवेक्षकों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 का दूसरा चरण अर्थात जनसंख्या गणना कार्य फरवरी 2027 में संपन्न किया जाएगा। कलेक्टर ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रथम चरण की तरह ही आगामी चरण में भी जिलेवासियों का सक्रिय सहयोग प्राप्त होगा, जिससे यह राष्ट्रीय अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन