मुंगेली न्यूज़ - 03 कृषि केन्द्रों पर प्रतिबंध व 01 को : किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने कृषि केन्द्रों का किया गया निरीक्षण बीज भंडारण एवं वितरण में अनियमितत
Chief Editor-Digvendra Kumar Gupta / Fri, Jun 12, 2026 / Post views : 20
जिला जनसंपर्क कार्यालय मुंगेली (छ.ग.)
समाचार
किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने कृषि केन्द्रों का किया गया निरीक्षण
बीज भंडारण एवं वितरण में अनियमितता पर 03 कृषि केन्द्रों पर प्रतिबंध व 01 को नोटिस जारी
मुंगेली, 12 जून 2026// खरीफ मौसम 2026 की शुरुआत के साथ ही किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने जिला प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में खाद एवं बीज के भंडारण, वितरण और निगरानी की सतत व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री सहज रूप से उपलब्ध हो सके। इसी क्रम में जिले के विभिन्न उर्वरक विक्रय केंद्रों में किसानों को वैज्ञानिक अनुशंसा के अनुरूप संतुलित उर्वरकों का वितरण कराया जा रहा है। उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न निजी कृषि केन्द्रों में यूरिया वितरण की व्यवस्था की गई।
जिले के किसानों की सुविधा के लिए इन केंद्रों में शुद्ध पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही कृषि आदानों की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विकासखंड लोरमी अंतर्गत अखरार, खुड़िया एवं दरवाजा में विभिन्न कृषि केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बीज भंडारण एवं वितरण में अनियमितताएं पाए जाने पर श्री राधे कृषि केंद्र अखरार, शरद कृषि केंद्र रामूनगर अखरार तथा कृष्णा कृषि केंद्र खुड़िया में बीज विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया। वहीं मां कल्याणी कृषि केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त श्री राधे कृषि केंद्र अखरार एवं शरद कृषि केंद्र रामूनगर अखरार में उर्वरक भंडारण एवं वितरण संबंधी अनियमितताएं पाए जाने पर भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री सुभाष सोनी, जिला उर्वरक निरीक्षक श्री मनहरण कुर्रे तथा कृषि निरीक्षक श्री हेमंत लाहौर एवं श्री संजय सोनवानी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन